अराजकतत्वों ने जमानिया रेलवे स्टेशन के अप होम सिग्नल के पास पटरी के ज्वाइंट पर सिक्का रखकर सिग्नल लाल करवा दिया।
इस वजह से 12296 पटना-बंगलुरूएक्सप्रेस ट्रेन 33 मिनट तक रूकी रही। रविवार रात 12:33 पर रुकी ट्रेन 01:08 बजे मेमो पर रवाना की गई। सुनसान स्थान पर आधे घंटे से अधिक समय तक ट्रेन रुकने से यात्री सशंकि त रहे।
आशंका जताई जा रही है कि ट्रेन रोकने के पीछे अराजकतत्वों का मकसद खतरनाक रहा होगा लेकिन रेलवेकर्मियों की सक्रियता से वे अपने मंसूबे में कामयाब नहीं हो सके। मामले में आरपीएफ ने दो लोगों को हिरासत में लिया है।
रविवार रात पटना-बंगलुरू सिटी एक्सप्रेस के आने के पहले अराजकतत्वों ने रेल ट्रैक के ज्वाइंट पर सिक्का रख कर सिग्नल लाल कर दिया।
रात 12:33 पर जैसे ही ट्रेन जमानिया स्टेशन के होम सिग्नल के पास लाल सिग्नल देखकर चालक ने ट्रेन रोक दी। स्टेशन से करीब आधा किलोमीटर पहले ट्रेन रुकी थी।
सुनसान में ट्रेन के आधे घंटे तक रुकने से न सिर्फ यात्री परेशान रहे बल्कि सशंकित रहे। जमानिया के होम सिग्नल पर रविवार रात पटना-बंगलुरू ट्रेन को रोके जाने की लिखित सूचना सिग्नल विभाग के कर्मचारी सुधीर प्रसाद ने आरपीएफ को दी।
मौके पर आरपीएफ पहुंची तो रेलवे ट्रैक के ज्वाइंट पर सिक्का रखा पाया गया। हालांकि अभी तक मामले में केस दर्ज नहीं किया गया है। बाद में मेमो पर ट्रेन रवाना की गई।
बता दें दानापुर रेल प्रखंड पर मुगलसराय से दिलदारनगर तक का क्षेत्र काफी संवेदनशील है। इस रूट पर अक्सर ट्रेन में यात्रियों से लूटपाट की घटनाएं होती रहती हैं।
आशंका जताई जा रही है कि ट्रेन को सुनसान स्थान पर रोकने के पीछे ऐेसे ही मकसद को अंजाम देना रहा होगा। इसके अलावा 12150 पटना-पुणे एक्सप्रेस को भी इसी स्टेशन पर रोकने का प्रयास किया किया गया था।
चूंकि इससे पहले पटना-बंगलुरू आ गई थी और इसकी जानकारी रेल प्रशासन को हो चुकी थी लिहाजा पटना-पुणे एक्सप्रेस को दरौली स्टेशन पर मेमो दे दिया गया जिससे यह ट्रेन जमानिया में नहीं रुकी।