गाजीपुर। डीएम अविनाश कुमार की मौजूदगी में मंगलवार की देर शाम जनप्रतिनिधियों और लोक निर्माण विभाग के अभियंताओं की बैठक राइफल क्लब में हुई। बैठक में जनप्रतिनिधियों ने एक स्वर में मांग की कि गंगा पर स्थित हमीद सेतु से हाइट बैरियर हटाया जाए। इधर सांसद अफजाल अंसारी ने मच्छटी और बढ़नपुरा की सकरी पुलिया से लगने वाले जाम और ब्रेकर ऊंचा होने से बढ़ते हादसे का मुद्दा उठाया। साथ ही बैठक में लोक निर्माण विभाग की ओर से बनाए गए नए मार्गों के चौड़ीकरण और मरम्मत कार्यों समेत सेतुओं के कार्यों की प्राथमिकता तय करने को लेकर जनप्रतिनिधियों से प्रस्ताव लिए गए।
वहीं विभिन्न मार्गों के चौड़ीकरण, मरम्मत की भी मांग की। कृषि विपणन योजना के तहत पुनर्निर्माण व मिसिंग लिंक के लिए नवनिर्माण के प्रस्ताव प्राप्त किए गए। सेतुओं के निर्माण एवं मरम्मत और रेलवे क्राॅसिंगों पर ओवरब्रिज बनाने को लेकर भी प्रस्ताव मिले। लोक निर्माण विभाग के पूर्व निर्मित मार्गों की विशेष मरम्मत के प्रस्ताव को भी शामिल किया गया। सांसद अफजाल अंसारी की ओर से गाजीपुर-बलिया मार्ग पर ब्रेकर ऊंचे होने, बढ़नपुरा और मच्छटी पर सकरी पुलिया के कारण लगने वाले जाम से निजात दिलाने की मांग की गई। जिलाधिकारी ने आश्वासन दिया कि जल्द ही एनएचएआई के अभियंताओं से वार्ता कर इसका समाधान किया जाएगा। इस मौके पर सदर विधायक जै किशन साहू, मुहम्मदाबाद विधायक सोहेब अंसारी, सांसद प्रतिनिधि हिमांशु राय व जय सिंह, एमएलसी प्रतिनिधि डाॅ. प्रदीप पाठक, जमानिया विधायक प्रतिनिधि मन्नू सिंह आदि मौजूद रहे।