नगर पंचायत सैदपुर के वार्ड नंबर-5 पटेल नगर बस्ती में सीवर लाइन का काम अधूरा रहने एवं पेयजल की पाइपलाइन टूट जाने से वार्ड के नागरिकों की परेशानी बढ़ती जा रही है। इससे आजिज लोगों ने बुधवार को प्रदर्शन करते हुए नगर पंचायत की कार्यशैली के प्रति विरोध जताया। इस दौरान कार्य को शीघ्र पूरा कराने की मांग की।
सभासद सुनील कुमार एवं इरफान ने बताया कि 150 मीटर लंबी सीवर की लाइन बिछाने का काम इस वार्ड में बहुत धीमी गति से चल रहा है। डेढ़ माह पूर्व शुरु हुए इस कार्य को अभी तक पूरा न किए जाने से बस्ती के लोगों की मुश्किलें बढ़ गई है। सीवर लाइन की खोदाई के दौरान पेयजल के लिए बिछाई गई पाइप लाइन भी टूट गई है। इससे लोगों को पीने के पानी की समस्या हो गई है।
पटेल नगर के भोनू चौहान, लक्ष्मण चौहान, आनंद तथा अर्जुन चौहान ने बताया कि पूर्व में डाली गई पाइप लाइन का लेवल भी ठीक नहीं है। टूटी पेयजल की पाइप लाइन से जगह-जगह जलभराव की स्थिति बनी हुई है। मोहल्ले वासियों के विरोध पर फिर से पाइपलाइन बिछाई जा रही है लेकिन काम की गति धीमी है। नाराज लोगों ने नगर पंचायत अध्यक्ष एवं अधिशासी अधिकारी से कार्य को जल्द पूरा कराने तथा गुणवत्तापूर्ण कार्य कराने की मांग की है। प्रदर्शन करने वाले लोगों में आनंद कुमार गांधी, गणेश प्रसाद तथा रविशंकर आदि शामिल थे।
50 मीटर तक सीवर पाइप लाइन का लेवल ठीक करा दिया गया है। पेयजल की टूटी पाइपलाइन को ठीक करने का भी कार्य चल रहा है। शीघ्र ही सीवर लाइन ठीक कराकर इस पर इंटरलॉकिंग खड़ंजा लगाकर मार्ग को सुचारू रूप से चालू कर दिया जाएगा। - अर्जुन राजभर, अधिशासी अधिकारी।