कासिमाबाद कोतवाली क्षेत्र के अवराकोल गांव के पीड़ित ने अपने ही गांव के छह लोगों पर भूमि संबंधी मुकदमा वापस लेने का दबाव बनाने, मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर छह लोगों के खिलाफ मंगलवार की देर शाम प्राथमिकी दर्ज जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि अवराकोल गांव निवासी उदयभान राम ने तहरीर देकर बताया कि पांच अक्तूबर की सुबह करीब 6.30 बजे वह गांव स्थित शम्मी माता मंदिर में पूजा करने जा रहे थे। आरोप लगाया कि रास्ते में आनंद कुमार, चुन्नु राम, सुभाष राम, तेजप्रताप राम, अनुराग उर्फ अन्नू और प्रवीण ने उन्हें रोक लिया और न्यायालय में चल रहे भूमि संबंधी मुकदमे को वापस लेने का दबाव बनाया। मना करने पर आनंद कुमार ने मारने- पीटने के साथ गाली- गलौज शुरू कर दी। इसके बाद आरोपियों ने मारने- पीटने के लिए दौड़ा लिया। पीड़ित किसी तरह घर पहुंचा तो आरोपी उसके दरवाजे पर भी पहुंच गए और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। सूचना पुलिस के 112 नंबर पर दी गई। पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने उसके सरकारी नौकरी करने वाले दोनों बेटों को भी जान से मारने और फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने छह आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच में जुटी है।