गाजीपुर। जलभराव और बदहाल सड़क से परेशान जंगीपुर नगर पंचायत के वार्ड संख्या दो और तीन स्थित आंबेडकर नगर के लोगों ने बृहस्पतिवार की देर शाम विरोध दर्ज कराया। स्थानीय निवासियों ने सड़क पर धान की रोपाई कर नगर पंचायत की कार्यशैली पर सवाल उठाए और जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था की मांग की।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि पिछले करीब तीन माह से सड़क पर गंदा पानी भरा है। कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। जलभराव के कारण लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है और संक्रमण फैलने की आशंका भी बनी हुई है।
प्रदर्शन में शामिल लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द जलनिकासी, नालों की सफाई और सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। इस दौरान राजकुमार, दिलीप, अक्षय, छोटू, सत्येंद्र समेत कई स्थानीय लोग मौजूद रहे।