कालूपुर गांव में सड़क पर बने गड्ढे में जलभराव के बीच धान की रोपाई कर विरोध जाहिर करते ग्रामीण।
सुहवल। कालूपुर-पटकनिया मार्ग पर कालूपुर गांव के पास सड़क पर जलभराव और गड्ढों से परेशान ग्रामीणों ने मंगलवार को जलभराव वाली सड़क पर धान की रोपाई कर विरोध जताया। उनका कहना है कि इस मार्ग पर करीब छह महीने से गड्ढे बने हैं इनमें जलभराव हो गया है। बारिश के बाद स्थिति और भी खराब हो गई है, इससे राहगीरों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शिकायतों के बावजूद विभाग की ओर से सड़क की स्थायी मरम्मत नहीं कराई गई है।
ग्रामीणों ने बताया कि लगभग पांच किलोमीटर लंबा कालूपुर-पटकनिया मार्ग कई स्थानों पर गड्ढों और जलभराव के कारण बदहाल हो चुका है। उन्होंने विभाग से तत्काल जल निकासी और सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है। इस अवसर पर विभा यादव, रंभा, गंगाजली, सुमेतरी, रीता, अनिल यादव, रामबचन यादव, विमलेश, अनिल, दीपक यादव, जोगिंदर सहित दर्जनों ग्रामीण मौजूद रहे। अवर अभियंता संदीप ने बताया कि जल्द ही मार्ग को आवागमन योग्य बनाया जाएगा, ताकि राहगीरों को सुरक्षित यात्रा की सुविधा मिल सके।