अंधाधुंध बिजली कटौती को लेकर दुल्लहपुर सांसद आदर्श गांव के लोगों का गुस्सा बुधवार को फूट पड़ा। उन्होंने भाजपा नेता तथा जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि अनिल पांडेय के नेतृत्व में तिराहा पर चक्काजाम करते हुए मुख्यमंत्री और ऊर्जा मंत्री का पुतला दहन किया। भाजपा नेता ने चेतावनी दिया कि अगर 48 घंटे के अंदर आपूर्ति व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो 23 सितंबर को विद्युत उपकेंद्र पर हल्ला बोल आंदोलन होगा।
दुल्लहपुर सांसद आदर्श गांव के लोग भाजपा नेता के नेतृत्व में मुख्यमंत्री और ऊर्जा मंत्री के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जुलूस की शक्ल में दुल्लहपुर तिराहा पर पहुंचे। नारेबाजी करते हुए मुख्यमंत्री और ऊर्जा मंत्री का पुतला फूंका। इस मौके पर भाजपा नेता अनिल पांडेय ने कहा कि क्षेत्र की आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह से बदहाल हो गई है। एक तरफ जहां बिजली के आने और जाने का कोई समय निर्धारित नहीं रह गया है, वहीं जले ट्रांसफार्मरों को बदला नहीं जा रहा है, जिससे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
कहा कि सांसद आदर्श गांव दुल्लहपुर में दिन-रात मिलाकर केवल चार घंटे बिजली आपूर्ति की जा रही है। इससे लोगों में जबरदस्त नाराजगी है। डिलिया उपकेंद्र से 18 ट्रांसफार्मर जले हैं, जिससे कई गांवों में आपूर्ति ठप है। लोगों द्वारा बार-बार अधिकारियों को अवगत कराने के बाद भी ट्रांसफार्मरों को नहीं बदला जा रहा है। भाजपा नेता ने चेतावनी दिया कि अगर 48 घंटा के अंदर दुल्लहपुर क्षेत्र में 18 घंटा बिजली आपूर्ति की व्यवस्था नहीं की गई तो 23 सितंबर को विद्युत उपकेंद्र डिलिया हल्ला बोल आंदोलन किया जाएगा।
इस मौके पर मंडल अध्यक्ष दुर्विजय शर्मा, मनोज यादव, मंजीत मद्धेशिया, मिंटू तिवारी, अखिलेश, मनोज चौरसिया, जितेंद्र वर्मा, सुनील, संजय पांडेय, चंद्रजीत राम, अरविंद चौरसिया, निदेश, विनोद यादव, संजीव चौरसिया, श्रवण सिंह, रविंद्र गोड़ सहित दर्जनों लोग मौजूद थे।