बीएचयू में छात्रसंघ की मांग कर रहे छात्रों पर पुलिस की हिंसक कार्रवाई के नाराज अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने रविवार को शास्त्रीनगर चौराहे पर बीएचयू प्रशासन का पुतला फूंका।
इस मौके पर वक्ताओं ने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन छात्रों के लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन करना चाहता है। छात्रों के खिलाफ हुई इस कार्रवाई को परिषद बर्दाश्त नहीं करेगा।
उन्होंने कहा कि छात्रों के आंदोलन को कुचलने के लिए प्रशासन ने पुलिस का सहारा लेकर निहत्थे छात्रों पर लाठियां और गोलियां बरसाई। इस घटना में कई छात्र घायल हुए।
घायल छात्रों में जमानिया का अमित केशरी भी शामिल था। अस्पताल में कई दिनों तक जिंदगी से जूझते हुए शुक्रवार को उसकी मौत हो गई। निहत्थे छात्रों पर की गई यह हिंसक कार्रवाई निंदनीय है।
छात्र हितों का दमन विद्यार्थी परिषद बर्दाश्त नहीं करेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि अमित की मौत को सरकार नजरअंदाज न करे, अन्यथा छात्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
कार्यकर्ताओं ने शोकसभा कर अमित की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। इस अवसर पर रितेश कुमार सिंह, प्रियेश रंजन, रामअवध राम, अमरजीत तिवारी, निशांत पांडेय, पवन सिंह, अरविंद, कृष्णा, पुष्कर सिंह, अभिषेक, अमित, सत्यार्थ, शुभम, रवि, देवेंद्र, आशुतोष सिंह, चंदन राय आदि उपस्थित थे।
कार्यक्रम का संचालन जिला सदस्यता प्रभारी गर्वजीत सिंह ने किया।