हमीद सेतु का निरीक्षण करते एनएचएआई के परियोजना निदेशक डा. समर बहादुर सिंह।
- फोटो : GHAZIPUR
गाजीपुर। यूपी-बिहार को जोड़ने वाले और यातायात की दृष्टि से अति महत्वपूर्ण हमीद सेतु की मरम्मत कार्य का जायजा लेने मंगलवार की देर शाम एनएचएआई के परियोजना निदेशक डॉ. समर बहादुर सिंह अचानक पहुंचे। इस बीच उन्होंने मरम्मत कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया।
श्री सिंह यहां पहुंचने के बाद सीधे पुल पर गए तथा इस पर जगह- जगह चल रहे मरम्मत कार्यों का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने अब तक हुए मरम्मत कार्य की प्रगति की जानकारी ली। यहां इस पुल के कुल 22 बेयरिंग तथा 26 ज्वाइंटरों को बदलने की प्रक्रिया चल रही है। टाप-अप स्लैब में खोदकर उस पर रखे गए लोहे के प्लेट को हटाने को कहा गया। उस जगह पर कांक्रीट के प्रयोग के लिए सख्त निर्देश दिए। इसी क्रम में उन्होंने सेतु और पहले से जगह-जगह बनाए गए ब्रेकर के साथ दोनों तरफ जमा सिल्ट हटाने को कहा। मरम्मत में जुटे इंजीनियरों को निर्देश दिया कि मरम्मत का काम दो शिफ्टों में दिन रात किया जाए। हर प्रकार के जरूरी सामान मंगा लें और जरूरत हो तो मजदूरों की संख्या भी बढ़ाई जाए। निर्धारित समय के अंदर पुल की मरम्मत का कार्य हर हाल में पूरा कर लिया जाए।