वन विभाग के प्रदेश सचिव सुनील पांडेय ने मंगलवार को लोहिया ग्राम गौरा में चौपाल लगाकर लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान लोगों ने शौचालय एवं आवास की मांग की।
उन्होंने कहा कि आवास के लिए सरकार की ओर से तय मानक को पूरा करने वालों को आवास मिलेगा। उन्होंने सड़क, शौचालय एवं विद्यालय को देखा। प्राथमिक विद्यालय में बिजली कनेक्शन नहीं मिलने पर नाराजगी जताई।
सीसी सड़क को तुड़वाकर उसके निर्माण में मानक की जांच की। उनकी पहल पर वहां उपस्थिति जिलाधिकारी नरेंद्र सिंह पटेल ने गौरा गांव में गोद लेने की घोषणा की। कहा कि अगली बार यहां शौचालय दिखना चाहिए।
इसके बाद उन्होंने तहसील में सभी न्यायालयों, राजस्व अभिलेखागार और बंदीगृह का निरीक्षण किया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डाक्टरों के रोगी निरीक्षण रजिस्टर पर लिखी दवाओं का दवा वितरण रजिस्टर से मिलान किया।
महिला डाक्टर के कक्ष के बाहर प्रतीक्षा में बैठने वाली महिलाओं के लिए पंखा लगवाने का निर्देश दिया। वन विभाग के सचिव ने शहीद स्मारक राजकीय पीजी कालेज में बन रहे जीव विज्ञान के लैब काउंटर के ऊपर लग रहे पत्थर की घटिया क्वालिटी पर नाराजगी जताई। आडिटोरियम निर्माण की सामग्री जांच के लिए साथ ले गए। निरीक्षण के समय अपर जिलाधिकारी मुरलीधर मिश्र, मुख्य राजस्व अधिकारी, उपजिलाधिकारी त्रिभुवन विश्वकर्मा, तहसीलदार उमेशचंद्र निगम आदि साथ थे।