रसोइया संघ की बैठक मे बोलती जिलाध्यक्ष सुगंती कुशवाहा।
जिला रसोइया संघ की बैठक शुक्रवार को सलेमपुर में हुई। जिसमें बीएसए की तरफ से वादाखिलाफी किए जाने के विरोध में 27 मार्च को विकास भवन पर धरना-प्रदर्शन करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में संघ की संरक्षक पूर्व ब्लाक प्रमुख चंदा यादव ने कहा कि शिक्षा विभाग के अधिकारियों की ओर से महिला रसोइयों का लगातार उत्पीड़न एवं शोषण किया जा रहा है।
पिछली अखिलेश सरकार ने रसोइयों का मानदेय दो हजार रुपये प्रतिमाह करने का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा है लेकिन उस पर आज तक कोई निर्णय नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि अधिकारियों की मनमानी के विरुद्ध रसोइया निर्णायक लड़ाई लड़ने के लिए तैयार रहें। संघ की जिलाध्यक्ष सुगंती कुशवाहा ने कहा कि जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी हम लोगों की मांगों के संबंध में बार-बार आश्वासन देते हैं लेकिन समस्या का समाधान नहीं करते हैं।
महिला रसोइयो का दो से तीन वर्ष का मानदेय बकाया है। साथ ही कई स्थानों पर महिला रसोइयों को अनियमित ढंग से निष्कासित भी कर दिया गया है। उन्होंने सभी रसोइयों से 27 मार्च को 11 बजे दिन में गाजीपुर सिटी स्टेशन पर एकत्र होने की अपील की। बैठक में सुनीता, राजमती, मीरा, ऊषा, राधिका आदि ने विचार प्रकट किया।