गाजीपुर। विश्व जनसंख्या स्थिरता पखवारा का शुभारंभ शनिवार को जिला महिला अस्पताल में सदर विधायक डा.संगीता बलवंत ने दीप प्रज्जवलित करके किया। जिले में 31 जुलाई तक चलने इस कार्यक्रम में आपदा में भी परिवार नियोजन की तैयारी सक्षम राष्ट्र और परिवार की पूरी जिम्मेदारी की थीम पर जोर दिया जाएगा।
इस मौके पर एसीएमओ एवं नोडल अधिकारी डा. केके वर्मा ने कहा कि 11 जुलाई को विश्व जनसंख्या दिवस मनाने की शुरुआत वर्ष 1989 में संयुक्त राष्ट्र विकास कार्यक्रम के द्वारा की गई थी। लगातार बढ़ती जनसंख्या को ध्यान में रखते हुए इस दिवस को मनाने और जारी रखने का निर्णय लिया गया। भारत में पहली बार यह दिवस वर्ष 1990 से शुरू किया गया। उन्होंने बताया कि मौजूदा समय में भारत की जनसंख्या 1.3 करोड़ है। अगर जनसंख्या को स्थिर करने के बारे में नहीं सोचेंगे तो वर्ष 2025 तक यह नियंत्रण के बाहर हो जाएगा और भारत जनसंख्या के मामले में पहले पायदान पर पहुंच जाएगा। जनसंख्या बढ़ने के पीछे परिवार को नियोजित न रख पाने के साथ ही कई अन्य कारण भी हैं, जिसकी वजह से लगातार जनसंख्या में बढ़ोत्तरी हो रही है। जनसंख्या स्थिरता पखवारा कार्यक्रम के तहत शहर एवं ग्रामीण स्वास्थ्य केंद्रों पर अंतरा, छाया सहित अन्य सेवाएं प्रदान की जाएंगी। पखवारे के दौरान आमजनों को जागरूक करने के लिए प्रचार-प्रसार किया जाएगा। इस दौरान एसीएमओ डा. डीपी सिन्हा, डा. सर्वजीत, डा. गुलाब, डीपीएम प्रभुनाथ, अमित राय मौजूद रहे।