सैदपुर। नगर के वार्ड नंबर आठ में कुएं में गिरी गर्भवती गाय की मौत के दो दिन बाद भी शव बाहर नहीं निकाला जा सका है। शव सड़ने से आसपास के मोहल्ले में तेज दुर्गंध फैल गई है। इससे लोगों का घरों में रहना मुश्किल हो गया है। स्थानीय लोगों ने शव निकलवाकर कुएं को सुरक्षित तरीके से बंद कराने की मांग की है।
शुक्रवार को गाय पुराने खुले कुएं में गिर गई थी। मोहल्लेवासियों और युवा गौरक्षक ट्रस्ट की टीम ने उसे बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन कुआं गहरा होने के कारण सफलता नहीं मिली। बाद में गाय की कुएं में ही मौत हो गई।
चेयरमैन प्रतिनिधि सुभाष सोनकर ने बताया कि कुएं में करीब आधा क्विंटल नमक डलवाया गया है। ईओ अर्जुन कुमार ने बताया कि कुआं काफी गहरा और पुराना है, इसलिए शव निकालना मुश्किल है। सोमवार को कुएं को पटिया से ढकवाने की कवायद की जाएगी।