गाजीपुर। पीजी कॉलेज में आयोजित जनपद स्तरीय महाविद्यालय रोवर्स-रेंजर्स समागम 2019 -20 में राजकीय महिला पीजी कॉलेज की प्रज्ञा रेंजर्स टीम ने रेंजर वर्ग में रेंजर प्रभारी डॉ. शिवकुमार के नेतृत्व में रेंजर लीडर काजल रावत एवं उप लीडर शिवानी गुप्ता के साथ प्रतिभाग करते हुए द्वितीय स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता में कुल नौ महाविद्यालय की रेंजर टीमों ने प्रतिभाग किया। रेंजर नगमा को बेस्ट रेंजर अवार्ड से सम्मानित किया गया।
मार्च पास्ट, वर्दी, टेंट निर्माण, निबंध प्रतियोगिता, क्विज प्रतियोगिता, पर्यावरण संरक्षण पर व्याख्यान विषय में महाविद्यालय की प्रज्ञा रेंजर टीम ने प्रथम स्थान तथा पुल निर्माण, क्विज प्रतियोगिता, निबंध प्रतियोगिता, रोल प्ले, स्किल- ओ- रामा में द्वितीय स्थान जबकि दल अभिलेख, लोकनृत्य, कीम्स गेम एवं सेंड स्टोरी की प्रतियोगिताओं में तृतीय स्थान प्राप्त किया। महाविद्यालय की छात्रा स्वाति वर्मा ने सावित्रीबाई फूले एकल अभिनय कर मराठी-हिंदी मिश्रित अपने व्याख्यान से सबको सम्मोहित किया। इसी प्रकार महाविद्यालय की झांकी हमारी विरासत: हमारी धरोहर के माध्यम से गंगा यात्रा, फिट इंडिया, एक भारत श्रेष्ठ भारत पर अपनी आकर्षक झांकी प्रस्तुत की। जबकि लोक नाट्य के अंतर्गत न बेटा हूं, न बेटी हूं, थर्ड जेंडर हूँ मैं, विषय पर नाटक प्रस्तुत कर सभी दर्शकों एवं नागरिकों को सोचने पर मजबूर किया। रेंजर सौम्या मिश्रा ने निबंध, व्याख्यान एवं झांकी में अपनी प्रस्तुतियों से अपनी बहुमुखी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विजेता छात्राओं को पीजी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. समरबहादुर सिंह एवं कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं प्राचार्य डॉ. सविता भारद्वाज ने मेडल, शील्ड एवं ट्रॉफी से सम्मानित किया। इस अवसर पर जिला संयोजक डॉ. मनोज कुमार मिश्र, स्काउट गाइड के जिला संगठन कमिश्नर दिनेश यादव, ट्रेनर प्रमोद यादव, अंजलि मौर्य आदि उपस्थित रहें।