गाजीपुर। नया आधार कार्ड बनवाने या फिर उसमें संशोधन कराने के लिए लोगों की परेशानी को देखते हुए डाक विभाग की ओर से शनिवार को विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान प्रधान डाकघर सहित जिले के 19 डाकघरों में आधार कार्ड बनाने एवं संशोधन का कार्य किया गया।
अभियान के तहत प्रधान डाकघर में 12 नए आधार कार्ड बनाए गए जबकि 37 में संशोधन किया गया। इसी तरह औड़िहार में नौ नए एवं 25 संशोधन तथा जमानिया डाकघर में 22 नए आधार कार्ड बनाए गए जबकि 12 का संशोधन किया गया। मुहम्मदाबाद: स्थानीय उप डाकघर में विशेष अभियान के तहत आधार संशोधन कराने गए लोगों को आधार संशोधन कार्य नहीं होने से निराश वापस जाना पड़ा। उप डाकपाल सत्यनारायण ने बताया कि इस डाकघर में कोई आधार संशोधन या बनाने के लिए ट्रेड कर्मचारी न होने के कारण यहां संशोधन कार्य नहीं हुआ। नंदगंज: डाकपाल शक्ति सिंह ने बताया कि 32 नए आधार कार्ड बनाए गए। मशीन की गड़बड़ी के कारण किसी आधार कार्ड का संशोधन नहीं किया जा सका। कार्ड बनवाने एवं संशोधन को लेकर सुबह से ही विभिन्न डाकघरों में लोगों की भीड़ लग गई थी।