नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हाथी खाना के तहत कांशीराम आवास चांदमारी के नियमित टीकाकरण बूथ से मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ. देश दीपक पाल ने सोमवार को सघन मिशन इंद्रधनुष (आईएमआई-5.0) के तीसरे और अंतिम चरण का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई। बूथ पर कई बच्चों को मीजल्स-रूबेला सहित अन्य टीके भी लगाए गए। इसके अतिरिक्त जनपद के समस्त 16 ब्लाक स्तरीय सीएचसी-पीएचसी पर भी तीसरे चरण की शुरुआत की गई।
सीएमओ डा. देश दीपक पाल ने कहा कि तीसरे चरण के लिए जिले के छूटे पांच वर्ष तक के 15468 बच्चों एवं 3482 गर्भवती को टीकाकरण के लिए लक्षित किया गया है। इसके लिए जनपद में करीब दो हजार टीकाकरण सत्र आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान बच्चों को 11 बीमारियों से बचाव के लिए टीका लगाया जाएगा, जिनमें डिप्थीरिया, काली खांसी, टिटनेस, पोलियो, क्षय (टीबी), हेपेटाइटिस-बी, मैनिंजाइटिस, निमोनिया, हेमोफिलस इन्फ्लुएंजा टाइप-बी संक्रमण, डायरिया रोटा वायरस और खसरा-रूबेला (एमआर) शामिल हैं।
इस दौरान अर्बन नोडल अधिकारी और एसीएमओ डा. मुंशीलाल, जिला नगरीय समन्वयक अशोक कुमार, एमओआइसी डा. ईशानी ने भी बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई। इस मौके पर यूएनडीपी से प्रवीण उपाध्याय, यूनिसेफ से डीएमसी बलवंत सिंह, चाई से मणि शंकर एवं अन्य अधिकारी व स्वास्थ्य कर्मी मौजूद रहे।