टॉपटेन समेत चार चढ़े पुलिस के हत्थे
संवाद न्यूज एजेंसी
मुहम्मदाबाद। नोनहरा पुलिस को रविवार की शाम काफी बड़ी सफलता हाथ लगी। थाने के टॉपटेन अपराधी सहित चार को पुलिस ने गिरफ्तार कर उनके पास से दो तमंचा, तीन कारतूस एवं दो किलो ग्राम 550 ग्राम गांजा बरामद किया। थानाध्यक्ष शैलेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि उपनिरीक्षक हरि प्रकाश यादव, आरक्षी विनोद यादव, श्याम बाबू, दुर्गेश तिवारी के साथ इलाके में अपराधिक गतिविधियों को रोकने को लेकर भ्रमण पर थे। इसी दौरान आरीपुर बेसों नदी पुल के पास कुछ संदिग्ध आते दिखे। पुलिस वाहन देख भागने का प्रयास किए, जिन्हें पुलिसकर्मियों ने घेर कर पकड़ लिया। पूछताछ और तलाशी में थाने का टापटेन अपराधी सेराज खां के पास से प्लास्टिक झोला में रखा एक किलो 300 ग्राम गांजा, पारा गांव के योगेश यादव साधु के पास झोला में रखा एक किलो ग्राम 250 ग्राम गांजा, नोनहरा के इबरान के पास से एक तमंचा, एक कारतूस तथा उसी गांव के शाहरुख खान के पास एक तमंचा एवं दो जिंदा कारतूस बरामद हुआ। गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला पंजीकृत कर चालान कर न्यायालय में पेश किया गया।
छेड़खानी का आरोपी गिरफ्तार
भांवरकोल। थाना क्षेत्र के एक गांव की किशोरी के साथ एक सप्ताह पूर्व छेड़खानी करने वाले आरोपी को पुलिस ने सोमवार को वीरपुर मोड़ से धर-दबोचा। पूछताछ के बाद पुलिस ने चालान कर दिया। किशोरी के पिता ने बीते 13 सितंबर को तहरीर देकर युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था कि रास्ते में जाते समय आरोपी किशोरी के साथ छेड़खानी कर रहा था। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मुकदमा दर्जकर आरोपी को धर-दबोचा। पूछताछ के बाद चालान कर दिया।