फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ghazipur News: बहू-बेटी सम्मेलन में महिलाओं से सीधे संवाद करेगी पुलिस

विज्ञापन
विज्ञापन
गाजीपुर। ग्रामीण महिलाओं और युवतियों को सुरक्षा, कानूनी अधिकारों और आत्मनिर्भरता के प्रति जागरूक करने के लिए पुलिस अगस्त में हर रविवार को जिलेभर के गांवों में बहू-बेटी सम्मेलन आयोजित करेगी। मिशन शक्ति अभियान के तहत होने वाले इन सम्मेलनों का उद्देश्य महिलाओं में बढ़ते अवसाद, आत्महत्या की प्रवृत्ति और दहेज उत्पीड़न जैसी समस्याओं की रोकथाम के साथ छात्राओं और युवतियों को जागरूक करना है।
विज्ञापन

पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने बताया कि इन सम्मेलनों का संचालन केवल महिला पुलिसकर्मी करेंगी। कार्यक्रम में पुरुष पुलिसकर्मियों की भागीदारी नहीं होगी। स्थानीय आशा बहू, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, एएनएम और स्वयं सहायता समूह की महिलाएं भी इसमें शामिल होंगी। महिलाओं की समस्याएं गोपनीय तरीके से सुनने के लिए प्रत्येक सम्मेलन कम से कम एक घंटे का होगा।
एसपी ने बताया कि सम्मेलनों में स्वास्थ्य, स्वच्छता, साइबर सुरक्षा, महिला अधिकार, घरेलू हिंसा, दहेज प्रतिषेध कानून और विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी जाएगी। महिलाओं की सहभागिता बढ़ाने के लिए ग्राम प्रधानों के सहयोग से लोकगीत और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
विज्ञापन

पुलिस की ओर से जारी रोस्टर के अनुसार अगस्त के प्रत्येक रविवार को जिले के सभी थानों के अंतर्गत चयनित गांवों में सम्मेलन होंगे। इसकी शुरुआत दो अगस्त से होगी। कोतवाली, करंडा, जंगीपुर, सैदपुर, मुहम्मदाबाद, जमानियां समेत सभी थाना क्षेत्रों के लिए अलग-अलग गांव और तिथियां निर्धारित की गई हैं। रोस्टर का प्रचार-प्रसार ग्राम चौकीदारों के माध्यम से कराया जा रहा है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें