जमानिया प्राचीन रामलीला समिति के अध्यक्ष एवं नगर पालिका परिषद के मनोनीत सदस्य जय प्रकाश गुप्ता को गोकशों को संरक्षण देने के आरोप में पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया था। इसके विरोध में उनके समर्थकों ने शनिवार को बाजार बंद करने की घोषणा की थी। ऐसे म्रेंएसडीएम भारत भार्गव और सीओ विजय आनंद शाही के नेतृत्व में पुलिस टीम ने नगर कस्बा एनएच 24 दुरहिया पांडेय मोड़ तक पैदल मार्च निकाल लोगों से शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की।
मालूम हो कि प्राचीन रामलीला समिति के अध्यक्ष और नगर पालिका मनोनीत सदस्य जय प्रकाश गुप्ता को नगर कस्बा बाजार के एक दुकान से उठा लिया था। गोकशों को संरक्षण के आरोप में मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया। इसकी जानकारी होते ही समर्थकों ने बाजार बंद कराने की घोषणा कर दी।
बाजार बंद कराने की सूचना पर एसडीएम भारत भार्गव और सीओ विजय आनंद शाही के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पैदल मार्च किया। साथ ही दुकानदारों से शांति बनाए रखने की अपील भी की। इस मौके पर कोतवाली प्रभारी वंदना सिंह, कांस्टेबल क्रांति प्रसाद, कांस्टेबल पवन मिश्रा और पीएससी के जवान मौजूद थे।
रामलीला पदाधिकारियों ने प्रभारी निरीक्षक पर लगाया आरोप
जमानिया। प्राचीन रामलीला समिति के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी को पत्रक भेजकर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक पर गंभीर आरोप लगाए।
डाक से भेजे गए पत्रक के माध्यम से समिति के उपाध्यक्ष विशाल वर्मा ने बताया कि समिति के अध्यक्ष एवं भाजपा के मनोनीत सभासद जयप्रकाश गुप्ता को पुलिस द्वारा गोकशी कराने में संरक्षण देने के जुर्म में साजिशन गिरफ्तार किए जाने से रामलीला का पाठ नहीं हो रहा है। इसकी भनक जब प्रभारी निरीक्षक को हुई तो उन्होंने शुक्रवार की शाम करीब तीन बजे गलत एवं फर्जी तरीके से नई कमेटी का गठन करवा दिया और श्री प्राचीन रामलीला समिति ट्रस्ट को कब्जा करने के नियत से रात करीब 10.30 बजे कमेटी के कार्यालय के मुख्य द्वार पर लगे ताले को तोड़वा दिया, जिसका वीडियो भी मौजूद है।
उन्होंने बताया कि कमेटी के मूल पदाधिकारियों को कमेटी के प्रांगण में रामलीला संचालित करने से वंचित किया जा रहा है। पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी से जांच कराकर न्याय की गुहार लगाई है। संवाद