दिलदारनगर। थाना क्षेत्र के डाकखाना रोड के किनारे मंगलवार को 35 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर घंटों शिनाख्त में जुटी रही। यह रहस्य सभी जानना चाहते हैं, लेकिन इस बारे में कोई कुछ बताने का तैयार नहीं है। उसकी पहचान के लिए फिलहाल शव को मर्चरी हाउस में सुरक्षित रखवा दिया गया है। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार पांडेय ने बताया कि शव की शिनाख्त का प्रयास चल रहा है। इसके लिए युवक की तस्वीर पूर्वांचल के सभी जनपदों के साथ ही बिहार के संबंधित थानों को भेजा गया है। समाचार लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी है।
सड़क हादसे में युवक की मौत
गाजीपुर। शहर कोतवाली क्षेत्र के बीकापुर गांव के पास सोमवार की देर रात सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मरने वाले की पहचान होते ही इसकी सूचना तत्काल उसके परिजनों को दी गई। खबर मिलते ही गांव में जहां शोक की लहर दौड़ गई, वहीं परिजन रोने-बिलखने लगे।
जंगीपुर थाना क्षेत्र के मदारपुर निवासी संतोष यादव (30) सिटी रेलवे स्टेशन के पास सब्जी की दुकान लगाता है। प्रतिदिन समय से दुकान आना और देर रात वापस जाना उसकी दिनचर्या में शामिल था। सब्जी कारोबारी रोज की तरह सोमवार की रात अपनी दुकान बंदकर घर जा रहा था। वह जैसे ही बीकापुर के पास पहुंचा उसकी बाइक अनियंत्रित पलट गई। जिससे घटना स्थल पर ही उसकी मौत हो गई। इस संबंध में कोतवाल दिलीप सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।