गाजीपुर जिले के नंदगंज कस्बे में महिलाओं से मंगलसूत्र के लॉकेट और मोती झपटने वाले बदमाश को पुलिस ने शुक्रवार देर रात मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। जवाबी फायरिंग में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी है। उसके कब्जे से लूट के जेवर, एक अपाचे बाइक और अवैध तमंचा बरामद हुआ है।
क्या है पूरा मामला
भुडकुड़ा क्षेत्राधिकारी शुभम वर्मा ने बताया कि 27/28 फरवरी की मध्यरात्रि में नंदगंज थानाध्यक्ष अतुल कुमार मिश्र पुलिस टीम के साथ रामपुर बंतरा कट पर चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि बीते 10 फरवरी को कस्बे में महिलाओं से मंगलसूत्र छीनने वाला बदमाश आभूषण बेचने जा रहा है।
सूचना पर पुलिस टीम बरहपुर रेलवे क्रॉसिंग के पास पहुंची। पुलिस को देख आरोपी भागने लगा और फिसलकर गिर गया। घिरने पर उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जो उसके दाहिने पैर में लगी। सीओ ने बताया कि आरोपी की पहचान सर्वजीत यादव (26) निवासी सिलौटा, थाना धीना, जनपद चंदौली के रूप में हुई है।
इसे भी पढ़ें; हॉकी प्रतियोगिता: पहले हाफ में करौता की टीम आगे, दूसरे हाफ में मयंक ने दो गोल ने छीन लिया मैच
पहले भी दर्ज हैं मुकदमे
सीओ ने बताया कि आरोपी पर पूर्व में भी लूट और आर्म्स एक्ट समेत कई धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। सीओ ने बताया कि क्षेत्र में महिलाओं को निशाना बनाने वाले अपराधियों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।