मरदह। थाना क्षेत्र के सिरसी नहर पुलिया के पास रविवार की देर शाम पुलिस टीम ने घेराबंदी करके दो बाइक के साथ दो चोरों को धर-दबोचा। जबकि तीसरा अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस के हत्थे चढ़े दोनों चोरों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी और लूट की छह बाइकें भी बरामद की है। इसका खुलासा कासिमाबाद सीओ ने सोमवार को स्थानीय थाने में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान दी।
सीओ महमुद अली ने बताया कि प्रभारी निरीक्षक शरदचंद्र त्रिपाठी पुलिस टीम के साथ कंसहरी मोड़ पर वाहनों और संदिग्धों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली की तीन शातिर चोर चोरी की तीन बाइक लेकर मटेहूं के तरफ से कैथौली गांव होते हुए नहर के रास्ते सिरसी भोजापुर की तरफ आ रहे हैं। सूचना पर सक्रिय हुई पुलिस टीम ने घेराबंदी करते हुए दो चोरों को बाइक से धर-दबोचा। जबकि तीसरा अंधरे का फायदा उठाकर पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। पकड़े गए चोरों की निशानदेही पर चोरी की छह बाइक भी बरामद हुई। पूछताछ में चोरों ने अपना छोटकी बकवल गांव निवासी लक्ष्मण पासवान और मऊ जनपद के सरायलखंसी थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर गांव निवासी शनि कुमार, फरार चोर का नाम नोनरा गांव निवासी सुधीर पासवान उर्फ ध्रुव बताया। बरामद छह बाइक में एक बाइक कंसहरी गांव से बीते दिनों चोरी हुई थी। जबकि दूसरी मऊ जनपद के कचहरी से, तीसरी बाइक मऊ विकास भवन, चौथा सरायलखंसी थाना स्थित गाजीपुर तिराहे से, पांचवा ताजोपुर के एक दुकान के सामने से और छठवीं बाइक 112 डायल में तैनात होमगार्ड की चोरी हुई थी।