मरदह थाना क्षेत्र के एक गांव की दो सगी बहनों को धमकाकर एक वर्ष से परेशान करने एवं दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने बुधवार को पनसेरवा चट्टी से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद दोनों का चालान कर दिया।
पीड़ित किशोरियों की मां ने बीते तीन जनवरी को पुलिस को दी गई तहरीर में बताया था कि दोनों आरोपी एक दूसरे के रिश्तेदार है। बीते एक साल से दोनों पुत्रियों के पीछे पड़े थे। मोबाइल पर फोन एवं मैसेज करने के साथ ही गांव में लड़कियों की गलत फोटो बनवाकर पोस्टर चस्पा करके परेशान कर रहे थे। दोनों ने डरा धमकाकर किशोरियों के साथ दुष्कर्म भी किया था। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्जकर दोनों की तलाश शुरू कर दी। पनसेरवा चट्टी के पास से पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों को घेराबंदी करके धर-दबोचा। थानाध्यक्ष राजकुमार यादव ने बताया कि दोनों आरोपियों दीपक प्रजापति और मुन्ना प्रजापति का चालान कर दिया गया। साथ ही पीड़ित किशोरियों को पुलिस अभिरक्षा में मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है।