गाजीपुर। करीमुद्दीनपुर थाना क्षेत्र के गोड़ऊर पक्का पुल के पास पुलिस टीम ने सोमवार की रात वाहन चेकिंग के दौरान साइकिल सवार तीन चोरों को पुलिस ने धर-दबोचा। तलाशी लेने पर सोने और चांदी के आभूषण के साथ लोहे की राड के अलावा एक मोटर भी बरामद किया। पूछताछ के बाद चालान कर दिया गया।
अपराध पर अंकुश एवं अपराधियों की धर-पकड़ के लिए पुलिस टीम क्षेत्र में भ्रमण कर रही थी। देर शाम में पुलिस गोड़ऊर पक्का पुल के पास वाहन चेकिंग करने में जुटी हुई थी। इसी दौरान दो साइकिल पर तीन सवार पुलिस को देख ढुढिया जाने वाली सड़क पर साइकिल छोड़कर भागने लगे। शक होने पर पुलिस ने तीनों को घेराबंदी करके धर-दबोचा। तलाशी लेने पर उनके पास से दो एचपी का मोटर, पांच साड़ी, तीन पैंट का कपड़ा और एक शर्ट कपड़ा, एक बेड सीट, 50 मीटर विद्युत तार, एक रम्मा, तीन जोड़ी पायल, एक सिंगल पायल, एक सोने का झुमका बरामद हुआ। पूछताछ में तीनों ने अपना नाम विसुनपुरा रमाशंकर वनवासी, विसंभरपुर निवासी लहरी वनवासी और प्रकाश उर्फ पगला बताया।