गाजीपुर। सैदपुर कोतवाली के पियरी में दो दिन पूर्व चालक से कार, पर्स और मोबाइल की हुई लूट का पुलिस ने शनिवार पर्दाफाश कर दिया। भीतरी रोड स्थित अंडरपास से पुलिस ने मुठभेड़ के बाद चार बदमाशों को धर-दबोचा। लूट की कार, मोबाइल, एक तमंचा, चार कारतूस और एक खोखा बरामद कर किया।
एसपी रामबदन सिंह ने बताया कि वाराणसी के बड़ागांव थाना क्षेत्र के चक खरावन खड़कपुर गांव निवासी धनंजय पांडेय अपने भाई अरुण पांडेय ओला के जरिए अपनी गाड़ी चलाते हैं। तीन फरवरी रात करीब 10.45 बजे कुछ युवक वाराणसी के कैंट स्टेशन से उनकी कार से पियरी जाने के लिए निकले। चालक 12 बजे कार लेकर पियरी पहुंचा और युवकों से किराया। इस पर युवकों ने चालक की पिटाई और तमंचा से आतंकित करके पर्स, मोबाइल छीन लिया। चालक को उतारकर कार लेकर फरार हो गए। पीड़ित एक ढाबे पर पहुंचा और घटना की जानकारी पुलिस किसी के मोबाइल से दी थी। पुलिस इस मामले में लुटेरों को दबोचने और कार को बरामद करने में जुटी हुई थी। सुबह 8.20 बजे पुलिस टीम ने भितरी रोड स्थित अंडरपास के पास से घेराबंदी करके चार बदमाशों को धर-दबोचा। इस दौरान उन्होंने फायरिंग भी की। लूटी गई स्विफ्ट डिजायर कार, मोबाइल, एक तमंचा, चार कारतूस और एक खोखा बरामद किया। पूछताछ में उन्होंने अपना नाम महरूमपुर गांव निवासी जुगेश कुमार उर्फ विकास, खानपुर थाने के मधुवन गांव निवासी राहुल यादव, सैदपुर नगर पंचायत के वार्ड नंबर नौ निवासी अरमान और गैवीपुर गांव निवासी अजय कुमार बताया। एसपी ने बताया कि पकड़े गए चारों आरोपी शातिर अपराधी हैं। इनके खिलाफ गाजीपुर एवं वाराणसी के थानों में कई मुकदमा दर्ज हैं।