बहरियाबाद स्थानीय कस्बा स्थित सुभाष विद्या मंदिर इंटर कालेज के परिसर में शुक्रवार को प्रबंधक एवं प्रधानाचार्य की उपस्थिति में सभी अध्यापक, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राओं को यातायात के नियमों के पालन एवं अन्य को इसके लिए जागरूक करने की शपथ दिलाई गई।
जिला विद्यालय निरीक्षक के निर्देश पर विद्यालय परिसर में शुक्रवार को प्रार्थनास्थल पर प्रधानाचार्य शिवबचन पांडेय की उपस्थिति में अध्यापकों, कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं को इस बात की शपथ दिलाई गई कि वह यातायात नियमों का पालन करते हुए दुर्घटना में हुए घायलों की हर संभव मदद करेंगे। सड़क के बाएं ओर चलेंगे एवं सड़क मार्ग के किनारे लगे यातायात से संबंधित प्रतीक चिन्हों का संज्ञान लेंगे। उसकी अनदेखी नहीं करेंगे तथा इन सभी के लिए दूसरों को भी जागरूक करेंगे। इससे पूर्व प्रबंधक अजय सहाय ने यातायात नियमों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आपका जीवन अमूल्य है। इसे बचाए रखने के लिए यातायात नियमों का पालन करें जिससे दुर्घटना से बचा जा सकता है। दुर्घटना होने की दशा में बिना देर किए घायलों की हर संभव मदद करें। इस अवसर पर रामपलट यादव, रामप्यारे प्रजापति, पंकज मिश्रा, हैदर अब्बास, सदानंद यादव, राजेश श्रीवास्तव, गुलाब गुप्ता, विनोद यादव, हेशामुद्दीन, अरविंद यादव, दीपमाला, रजनीबाला आदि शिक्षक मौजूद थे।