गाजीपुर। स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण फेज-2 के तहत जनपद के 16 ब्लाॅकों पर 25.60 लाख से प्लास्टिक वेस्ट यूनिट स्थापित की जाएगी। इस यूनिट से ग्राम पंचायतों की प्लास्टिक को निस्तारित किया जाएगा।
सरकार गांवों को प्लास्टिक फ्री करने की मुहिम चला रही है। इसी मुहिम के तहत एक ब्लाॅक पर प्लास्टिक वेस्ट यूनिट लगाने के लिए 16 लाख रुपये खर्च करने की योजना है। चरणवार तरीके से ब्लाॅकों में यूनिट लगाई जाएगी। ग्राम पंचायतों से प्लास्टिक इकट्ठा कर उसे यूनिट के जरिए निस्तारित किया जाएगा। डीपीआरओ अंशुल मौर्या ने बताया कि ब्लाॅकस्तर पर प्लास्टिक वेस्ट यूनिट लगाई जाएगी। सबसे पहले दो ब्लाॅकों पर इसको लगाए जाने की योजना है। जल्द ही इन ब्लाॅकों के नाम तय कर लिए जाएंगे।
प्लास्टिक वेस्ट यूनिट के लिए 1500 वर्ग फीट क्षेत्रफल में शेड लगाया जाएगा। शेड में श्रेडिंग, बेलिंग, डस्ट रिमूवर, वेयिंग मशीन लगाई जाएगी। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि यूनिट की जगह पर वाहनों के आवागमन के लिए पर्याप्त जगह हो। गांवों से यूनिट स्थल तक प्लास्टिक कूड़ा लाने के लिए किराए पर वाहनों की व्यवस्था की जाएगी। वाहन रोज 3-4 ग्राम पंचायतों का प्लास्टिक संग्रह करेगा। पूरी व्यवस्था पर 15वें वित्त की धनराशि खर्च की जाएगी।
रोज सात से आठ क्विंटल निकलता है कूड़ा
जिले के 16 ब्लाॅकों में 1238 ग्राम पंचायतें हैं। यहां से प्रतिदिन औसतन सात से आठ क्विंटल कूड़ा निकलता है। इसमें ज्यादा हिस्सा प्लास्टिक का होता है। यूनिट स्थापित करने के लिए यह सुनिश्चित किया जाएगा कि संबंधित जगह पर सड़क की कनेक्टिविटी, प्रकाश, पेयजल आदि की व्यवस्था हो।