मुहम्मदाबाद। बच्छलकापुरा रामपुर पीपापुल के रामपुर सिरे का पायल अप्रोच सोमवार की सुबह कटान के चलते टूटकर क्षतिग्रस्त हो गया। पायल के क्षतिग्रस्त होने से गंगा पार आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। इसकी जानकारी आम लोगों को ना होने से उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। पुल का पायल टूटने का लाभ नाव चालकों ने जमकर उठाया और आवागमन करने वाले लोगों से मनमाने तरीके से किराया वसूलते देखे गए।
मुहम्मदाबाद विकास खंड के गांवों को रेवतीपुर विकास खंड के गांवों को जोड़ने वाली बच्छलपुर रामपुर गंगा तट पर गंगा पार आवागमन करने के लिए शासन की ओर से पीपा पुल का प्रत्येक वर्ष निर्माण कराया जाता है। पुल का देखरेख सही ढंग से न होने से आए दिन आवागमन में कोई न कोई समस्या बनी रह रही है। इस समय तेज पछुआ हवा बहने के चलते रामपुर सिरे की ओर तेज कटान से बालू की दीवार काफी तेजी से टूटकर गंगा में समाहित हो रही है। इसके चलते कटान हो जाने के कारण आवागमन पूरी तरह से बंद हो गया है। कुछ दिन पूर्व भी कटान के चलते पुल पर आवागमन बंद हो गया था, जिसे मरम्मत करके आवागमन शुरू हुआ और तीन दिन तक चलने के बाद सोमवार को पुन: पुल का पायल क्षतिग्रस्त होने से आवागमन बंद हो गया है।