कासिमाबाद। कोतवाली थाना क्षेत्र के उपधी गांव के सामने बृहस्पतिवार की सुबह कासिमाबाद-यूसुफपुर मार्ग के दोनों तरफ झाड़ियों में दो बोरियों में भरे मांस के टुकड़े मिले। कुत्तों के नोचने और दुर्गंध से बोरियों में मांस की जानकारी ग्रामीणों एवं राहगीरों को हुई। पुलिस ने जांच की तो बोरियों में मवेशियों का मांस मिला।
कोतवाल नंदकुमार तिवारी ने बताया कि सुबह ग्रामीणों ने सूचना दी कि कासिमाबाद- यूसुफपुर मार्ग पर उपधी गांव के सामने सड़क की दोनों तरफ झाड़ियों में दो बोरियों में मांस मिला है। बोरियों को कुत्ते नोच रहे थे। ग्रामीणों ने आशंका जताई कि किसी मानव की हत्या कर मांस के टुकड़ों को बोरियों में भरकर फेंक दिया गया है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम मौके पर पहुंची। ग्रामीणों के बीच बोरियों को बाहर निकाल कर मांस के टुकड़े को बाहर निकाल कर जांच करने पर पता चला कि किसी जानवर या पशु के मांस को भरकर फेंका दिया गया है। इसके बाद पुलिस टीम ने जेसीबी से सड़क किनारे गड्ढा खोदवाकर दोनों बोरियों को मिट्टी से दबा दिया गया। फिलहाल यह छानबीन की जा रही है कि मांस भरी बोरियां यह कहां से लाकर फेंकी गई है। पुलिस टीम को लगाई गई है, जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।