सेवराई। गहमर थाना क्षेत्र के करहिया ग्रामीण बैंक के पास आम लदा डीसीएम पिकअप को सामने से टक्कर मारते हुए सड़क किनारे पलट गया। हादसे में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जबकि हादसे के बाद डीसीएम चालक मौके से फरार हो गया। घायलों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।
उत्तराखंड से आम लादकर बिहार प्रांत के कोचस जा रहा तेज रफ्तार डीसीएम अनियंत्रित होकर करहिया ग्रामीण बैंक के पास गहमर की ओर से आ रहे पिकअप में सामने से टक्कर मारते हुए पलट गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप बिजली के पोल को तोड़ते हुए सड़क के दूसरे किनारे चली गई। घटना के बाद डीसीएम चालक मौके से फरार हो गया। हादसे में खलासी बिहार प्रांत के बक्सर जनपद के राजपुर थाना के अखोड़ी गांव निवासी सोना लाल सिंह और पीकअप चालक नंदगज थाना के स्थानीय गांव निवासी शेर अली घायल हो गए। घायलों को आस-पास के लोग उपचार के लिए सीएचसी भदौरा लेकर आए। फिलहाल पुलिस डीसीएम चालक की तलाश में जुटी हुई है।