एसआईटी रिपोर्ट में लखीमपुर खीरी कांड में जिम्मेदार बताए गए केंद्रीय गृह राज्यमंत्री को बर्खास्त कर उन्हें जेल भेजने की मांग को लेकर संयुक्त किसान मोर्चा और वामपंथी दलों के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को सरजू पांडेय पार्क में धरना-प्रदर्शन किया।
इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि लखीमपुर खीरी जिले में तीन अक्तूबर को किसानों के जनसंहार एवं एक पत्रकार की हत्या में एसआईटी ने अपनी जांच रिपोर्ट सौंप दी है। एसआईटी ने सोची समझी योजना के तहत घटनाक्रम को अंजाम देना बताया है। इससे यह साफ हो गया है कि किसानों और पत्रकार के हत्याकांड में केंद्रीय गृह राज्यमंत्री की भी संलिप्तता रही है। जिसको जेल में होना चाहिए सरकार उसे मंत्रीमंडल में बनाए हुए है। उन्होंने केंद्रीय गृह राज्यमंत्री को तत्काल बर्खास्त कर गिरफ्तार कर जेल भेजने की मांग उठाई। कहा कि किसानों और पत्रकार के हत्यारों को सजा दिलाने और मृतक आश्रित परिवारों को इंसाफ दिलाने तक प्रतिरोध संघर्ष जारी रहेगा। इस अवसर पर भाकपा के जिला सचिव अमेरिका सिंह यादव, भाकपा (माले) के जिला सचिव रामप्यारे राम, डा. रामबदन सिंह, ईश्वरलाल गुप्ता, नंदकिशोर बिंद, उत्तर प्रदेश किसान सभा के जिलाध्यक्ष जनार्दन राम, मंजू गोंड, राजेश वनवासी ने विचार व्यक्त किया। अध्यक्षता सत्येंद्र कुमार प्रजापति एवं संचालन योगेंद्र भारती ने किया।