गाजीपुर/कासिमाबाद। जनपद के सभी सात तहसीलों में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 534 शिकायत/प्रार्थना प्राप्त आए, जिसमें मौके पर 32 शिकायत/प्रार्थना पत्रों का निस्तारण किया गया। यानि इस बार 502 फरियादी मायूस होकर लौट गए।
जन समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए मुख्य आयोजन इस बार कासिमाबाद में किया गया। यहां जिलाधिकारी आर्यका अखौरी और पुलिस डॉ. ईरज राजा भी जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ पहुंचे। इनके आने की खबर होने के कारण 174 लोग शिकायत/प्रार्थना लेकर पहुंचे। लेकिन, मौके पर सात का ही निस्तारण किया जा सका। कमोबेश यह स्थिति सदर सहित सभी तहसीलों की रही। आंकड़ों के मुताबिक सैदपुर में पांच और बाकी सभी पांच तहसीलों में अधिकारी केवल चार-चार मामलों का ही हल मौके पर निकाल सके। जिलाधिकारी ने कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायत/प्रार्थना पत्रों का संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया गया है। अधिकारी मौके पर जाकर स्थलीय निरीक्षण करें। साथ ही समस्याओं का निस्तारण कराना सुनिश्चित करें।