गाजीपुर। दुर्गा पूजा के अंतिम दिन महानवमी पर बुधवार को शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में बने पंडालों में विराजीं देवी की भव्य प्रतिमाओं के दर्शन की धूम रही। दर्शनार्थी जगतजननी का दर्शन कर निहाल हो गए। मां की आराधना कर सुख, सौभाग्य, समृद्धि का वरदान मांगा। पंडालों के आसपास बिजली की रंग-बिरंगी झालरों की आकर्षक सजावट अद्भुत छटा बिखेर रही थी। मिश्रबाजार, महुआबाग, ददरीघाट, सकलेनाबाद, सिंचाई विभाग चौराहा, तुलसी सागर, रेलवे स्टेशन, चीतनाथ, बंशीबाजार, स्टीमरघाट, खोवा मंडी, लाल दरवाजा, पीरनगर, गोराबाजार, उर्दूबाजार, नवाबगंज, टेढ़ीबाजार, रायगंज, झुन्नूलाल का चौराहा, महाजनटोली, लंका, नवापुरा, गोराबाबाजार आदि मुहल्लों में बने पूजा पंडाल शाम होते ही जगमग हो गए। पंडालों में मां भगवती के साथ अन्य देवी-देवताओं की प्रतिमाओं से दरबार सजा रहा। नौ दिन तक चलने वाले शारदीय नवरात्र के अंतिम दिन हजारों लोग पंडाल देखने और मां की भव्य प्रतिमाओं के दर्शन के लिए निकले। इसके चलते शहर में काफी भीड़ रही। आठ बजते-बजते शहर की सभी सड़कें श्रद्धालुओं से पट गई थी। यह सिलसिला देर रात तक चलता रहा। शाम को हुई आरती ने भक्तों को मुग्ध कर दिया। पंडालों के आसपास बिजली की रंग-बिरंगी झालरों की आकर्षक सजावट अद्भुत छटा बिखेर रही थी। करीमुद्दीनपुर क्षेत्र के पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की भीड़ रही। पूरा क्षेत्र मां दुर्गा के जयकारा तथा देवी गीतों से गूंजता रहा। मुहम्मदाबाद के यूसुफपुर बाजार, इलाहाबाद बैंक रोड, यूसुफपुर बाजार धर्मशाला मोड़, यूसुफपुर बाजार चौमुहानी पर स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमा के दर्शन-पूजन का सिलसिला रात तक चलता रहा। सादात कस्बा और ग्रामीण क्षेत्रों में स्थापित दुर्गा प्रतिमाओं की आराधना की धूम रही। बहरियाबाद के कबीर चौक और चकफरीद में स्थापित दुर्गा प्रतिमा, बहादुरगंज गन फैक्ट्री के पास रखी गई मां दुर्गा की प्रतिमा की झलक पाने के लिए भक्तों का हुजूम उमड़ा। अन्य क्षेत्रों में स्थापित पंडालों में नवमी पर देवी दर्शन करने के लिए भक्तों की भीड़ उमड़ी।
दुकानों पर रही भीड़ -गाजीपुर। सड़कों पर दर्जनों चाट, गोलगप्पे, बर्गर, चाउमीन, दोसा की अस्थायी दुकानों में भीड़ लगी रही। मिश्रबाजार, महुआबाग, स्टेशन रोड, गोराबाजार, चीतनाथ, लाल दरवाजा आदि इलाकों में लोगों ने सड़कों पर देर रात तक घूमने के साथ मेले का भरपूर आनंद उठाया। लोग देर रात तक खाते-पीते नजर आए। रंग-बिरंगे गुब्बारों की दुकान भी खूब सजी रहीं।
पैदल निकलना हुआ मुश्किल -गाजीपुर। वैसे तो शहर के प्राय: सभी मुहल्लों में दुर्गा पूजा की धूम रही, लेकिन मिश्रबाजार, महुआबाग, नवाबगंज, चीतनाथ, लालदरवाजा और स्टेशन पर स्थापित पंडालोंं के आसपास काफी भीड़ रही। इन पंडालों के पास से लोगों को जल्द निकल पाना संभव नहीं हो पा रहा था। भीड़ की वजह से वाहनों की कौन कहे, पैदल निकलने में भी लोगों को काफी जद्दोजहद करनी पड़ी। पंडालों के पास पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई थी, जो यातायात को सुचारू बनाने में लगे हुए थे।
ई-रिक्शे को खोजती रहीं आंखें-गाजीपुर। प्रमुख सड़कों पर बुधवार की रात काफी चहल-पहल रही। पंडाल दर पंडाल देवी मां के दर्शन के दौरान पैदल चलने पर कई लोगों विशेषकर बच्चे और महिलाएं थक गई थीं। अधिकांश लोग इधर-उधर बैठकर आराम करते नजर आए। गंतव्य पर पहुंचने के लिए वह ई-रिक्शा वालों को खोज रहे थे, लेकिन लोगों की जिन रिक्शों पर नजर जा रही थी, वह सवारियों से भरे रह रहे थे। जैसे ही लोगों को खाली ई-रिक्शा दिखाई देता वह बिना कुछ पूछे उसमें सवार हो जा रहे थे।