जमानिया तहसील के पास स्थित रामलीला मैदान में धरना पर बैठे व्यपारी एवं नागरिक। संवाद
जमानिया। स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों ने सोमवार को आक्रोश रैली निकाली। रैली के जरिए नगर पालिका परिषद द्वारा गृहकर, जलकर, जल निकासी कर और ट्रेड लाइसेंस शुल्क में की गई अप्रत्याशित 10 गुना वृद्धि का विरोध किया गया।
रैली हरपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय के पास से शुरू होकर दुरहिया और कस्बा बाजार होते हुए तहसील प्रांगण पहुंची। प्रदर्शनकारियों ने नगर पालिका प्रशासन और चेयरमैन के खिलाफ प्रदर्शन किया और बढ़ी हुई दरों को जनविरोधी बताते हुए तत्काल वापस लेने की मांग की। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने उपजिलाधिकारी निधि से मुलाकात कर उन्हें अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा। उपजिलाधिकारी ने मामले की जांच के लिए तीन दिनों में कमेटी गठित कर निष्पक्ष जांच के आधार पर उचित निर्णय लेने का आश्वासन दिया।
धरना स्थल पर मौजूद मुन्ना गुप्ता और नारायण दास चौरसिया सहित अन्य लोगों ने कहा कि जब तक यह जनविरोधी कर वृद्धि वापस नहीं ली जाती और भ्रष्टाचार की निष्पक्ष जांच नहीं कराई जाती, तब तक आंदोलन अनवरत जारी रहेगा। प्रदर्शन और धरने में मनोज कुमार वर्मा, दिनेश कुमार बिंद, अजय जायसवाल, विंध्याचल शर्मा, इम्तियाज शाह आदि मौजूद रहे।