गाजीपुर। परिषदीय विद्यालयों में अभिभावक-अध्यापकों के साथ ही पुरातन छात्र-छात्राओं की बैठक आयोजित की जाएगी। इसके आयोजन के लिए प्रति विद्यालय निर्धारित धनराशि प्रबंध समिति के खातों में भेज दी गई है।
नि:शुल्क एवं अनिवार्य बाल शिक्षा का अधिकार अधिनियम के अंतर्गत सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देने तथा छात्र-छात्राओं के अधिगम स्तर, व्यवहार संबंधी रिपोर्ट, प्रगति एवं अन्य क्रियाकलापों को गति प्रदान किए जाने के उद्देश्य से अ ध्यापकों एवं अभिभावकों की नियमित बैठक आयोजित कर उनके बीच पारस्परिक विचार-विमर्श की जरूरत है। इस क्रम में जिले के सभी प्राथमिक, उच्च प्राथमिक एवं कंपोजिट विद्यालयों में स्थानीय स्तर पर अभिभावक-अध्यापक एवं पुरातन छात्रों की बैठक आयोजित की जानी है। इसमें विभाग की ओर से छात्रों को नि:शुल्क पाठ्य पुस्तक एवं कार्य पुस्तिका तथा डीबीटी के माध्यम से प्रदत्त नि:शुल्क सुविधाओं यूनीफार्म, स्कूल बैग, स्वेटर, जूता-मोजा आदि की जानकारी अभिभावकों को प्रदान की जाएगी। इस संबंध में जिला समन्वयक सामुदायिक सहभागिता अमित कुमार राय ने बताया कि इसके आयोजन के लिए विद्यालय प्रबंध समिति के खातों में निर्धारित धनराशि भेज दी गई है। बीएसए की ओर से सभी खंड शिक्षाधिकारियों को इस माह में बैठक आयोजित कराने का निर्देश दिया गया है।