प्रदेश के पंचायती राजमंत्री कैलाश यादव की तबीयत रविवार को अचानक बिगड़
गई। जिला चिकित्सालय में प्राथमिक उपचार के बाद ब्रेन हैमरेज की शिकायत पर
एयर एंबुलेंस से उन्हें गुड़गांव स्थित मेदांता अस्पताल ले जाया गया।
पंचायती
राजमंत्री कैलाश यादव रविवार की सुबह जैतपुरा गांव स्थित अपने आवास के पास
टहल रहे थे।
इसी दौरान अचानक दर्द होने से उनका शरीर कांपने लगा और वह
दरवाजे के सामने खड़ी कार पर गिर गए। जानकारी होेने उनके पुत्र जिला पंचायत
अध्यक्ष डॉ. विरेंद्र यादव तत्काल उनको लेकर सिद्धेश्वरनगर कालोनी स्थित
सीएमएस डॉ. एके मिश्र के आवास पर गए।
वहां प्राथमिक उपचार के बाद पंचायती
राज मंत्री को जिला अस्पताल के हृदय सघन वार्ड में भर्ती किया गया। जिला
चिकित्सालय में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. महेंद्र प्रताप सिंह, सीएमएस डॉ.
एके मिश्रा और चिकित्सकों की टीम ने काबीना मंत्री का प्राथमिक उपचार किया।
वहां हालत कुछ स्थिर होने के बाद उन्हें गुड़गांव के मेदांता अस्पताल के
लिए रेफर कर दिया गया। पंचायती राज मंत्री की तबीयत बिगड़ने की जानकारी
होते ही पर्यटन मंत्री ओमप्रकाश सिंह और धर्मार्थ कार्य राज्य मंत्री विजय
मिश्रा, जिलाधिकारी डॉ. अशोक चंद्र और पुलिस अधीक्षक रामकिशोर भी जिला
अस्पताल पहुंच गए।
प्राथमिक उपचार के बाद काबीना मंत्री कैलाश यादव को जिला
अस्पताल से 108 एंबुलेंस से बाबतपुर हवाई अड्डे तक ले जाया गया। जहां से
उन्हें एयर एंबुलेंस से गुड़गांव स्थित निजी अस्पताल ले जाया गया।
पंचायत
राज मंत्री का रक्त चाप बढ़ने की वजह से ब्रेन हैमरेज हुआ। उनके दाहिने
तरफ के अंगों काम करना बंद कर दिया है। प्राथमिक उपचार में हालत स्थिर होने
पर परिवार के लोग उन्हें वाराणसी ले गए जहां से एयर एंबुलेंस से उनको
मेदांता अस्पताल ले जाया गया।
काबीना मंत्री कैलाश यादव की तबीयत खराब होने की जानकारी होते ही उनके
शुभचिंतक और पार्टी के कार्यकर्ता जिला अस्पताल में जुट गए। लोग उनका हाल
जानने के लिए बेताब थे। वार्ड से किसी के निकलने पर वे मंत्री की तबीयत की
जानकारी ले रहे थे। धीरे-धीरे जिला अस्पताल में लोगों की काफी भीड़ जुट गई।
सघन
चिकित्सकीय सुविधाओं ने लैस अत्याधुनिक एंबुलेंस के बजाए काबीना मंत्री को
समाजवादी 108 नंबर की एंबुुलेंस से बाबतपुर हवाई अड्डे ले जाया गया। कुछ
माह पूर्व सीएमओ कार्यालय में खड़ी इस एंबुलेंस को रेल राज्यमंत्री मनोज
सिन्हा ने जिला अस्पताल को उपलब्ध कराया था।
इस अत्याधुनिक एंबुलेंस में
आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए कई अत्याधुनिक मशीनें लगी हैं। इसके
बावजूद भी पंचायती राजमंत्री को 108 नंबर की एंबुलेंस से ही जिला अस्पताल
से बाबतपुर हवाई अड्डे तक ले जाया गया। वहीं, जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ.
एके मिश्रा का कहना है अत्याधुनिक एंबुलेंस की लंबाई अधिक है जिसे मोड़ने
में दिक्कत होती।
इसी के चलते इससे उन्हें बाबतपुर नहीं ले जाया गया। इसके
बाद भी एहतियात के तौर पर अत्याधुनिक एंबुलेंस को भी बाबतपुर भेजा गया था।