मुहम्मदाबाद। राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव समय से कराने का संकेत देने के बाद चुनाव को लेकर गांव में सरगर्मी काफी बढ़ गई है। मुहम्मदाबाद तहसील क्षेत्र के तीन विकास खंडों मुहम्मदाबाद, भांवरकोल व बाराचवर में कुल 236 ग्राम पंचायतों, 310 क्षेत्र पंचायत सदस्यों व 13 जिला पंचायत सदस्य चुने जाएंगे। कोरोना संक्रमण एवं लॉकडाउन के कारण चुनाव समय से हो पाएगा, इसमें संशय बना हुआ है।
ग्रामीण क्षेत्रों में चुनाव की सरगर्मी धीरे-धीरे जोर पकड़ने लगी है, संभावित प्रत्याशी भी मैदान में आकर ताल ठोकने लगे हैं। मतदाताओं से संपर्क करने के साथी उनके सुख-दुख में सहभागिता निभाने लगे हैं। मुहम्मदाबाद विकास खंड में 89 ग्राम प्रधान, 111 क्षेत्र पंचायत सदस्य व पांच जिला पंचायत सदस्य, भांवरकोल विकास खंड में 64 ग्राम प्रधान, 96 क्षेत्र पंचायत सदस्य एवं चार जिला पंचायत सदस्य, बाराचवर विकास खंड में 83 ग्राम प्रधान, 103 क्षेत्र पंचायत सदस्य व चार जिला पंचायत सदस्य पद के लिए चुनाव होना है। गांवों में ग्राम प्रधान पद के संभावित प्रत्याशी लोगों को अपने पक्ष में करने के लिए राशन कार्ड बनवाने, पेंशन कराने, लोगो को कोरोना से बचाव के लिए मास्क और सैनिटाइजर बांटने में लगे हैं। गांव में प्रत्याशियों द्वारा प्रतिबंध के बावजूद किसी न किसी बहाने दावतों का क्रम भी शुरू हो गया है। वर्तमान ग्राम प्रधानों द्वारा गांवों में तेजी से विकास कार्य भी तेजी से कराया जा रहा है। गांवों में आए प्रवासियों को मनरेगा के तहत उन्हें कार्य देकर उन्हें अपने खेमे मे रखने का प्रयास किया जा रहा है। वैसे परिसीमन न होने व मतदाता सूची का पुनरीक्षण शुरु न होने से समय से चुनाव होने के प्रति आशंका बनी हुई है। दिसंबर में पंचायतों का कार्यकाल समाप्त हो रहा है। देखा जाए तो 25 दिसंबर से पूर्व चुनाव हो जाना चाहिए, अन्यथा पंचायतों में प्रशासक की नियुक्ति करनी पड़ेगी।