सुहवल। स्व. प्रभुनारायण सिंह की स्मृति में आयोजित स्व. प्रभुनारायण सिंह मेमोरियल फुटबॉल टूर्नामेंट के तहत क्षेत्र के भिक्खीचौरा में पहले क्वार्टर फाइनल में पजरांव की टीम ने गोरखपुर को 2-0 से पराजित कर सेमीफाइनल में जगह सुरक्षित कर ली।
विज्ञापन
निर्धारित 75 मिनट के इस मुकाबले में मध्यांतर तक दोनों ही टीमें गोल करने में असफल रहीं। मध्यांतर के बाद 47वें मिनट में पजरांव की टीम ने शानदार तालमेल की बदौलत गोलकर 1-0 की बढ़त बना ली। एक गोल से पिछड़ने के बाद गोरखपुर की टीम ने मुकाबले में वापसी के लिए पूरी ताकत झोंक दी लेकिन पजरांव की मजबूत रक्षापंक्ति के सामने उनको सफलता नहीं मिली। पजरांव की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खेल के 59वें मिनट में एक और गोल कर 2-0 की बढ़त बना ली। निर्धारित समय तक गोरखपुर की टीम कोई गोल नहीं कर सकी और पजरांव ने 2-0 से जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। इस अवसर पर मुख्य आयोजक दीपू सिंह, सह संयोजक संगम सिंह, कमेंट्रेटर पीयूष सिंह, अश्विनी यादव, भोलू, स्कोरर रतीश शर्मा, राहुल यादव सहित आयोजन मंडल के सभी सहयोगी मौजूद रहे।