गाजीपुर। जिले में धान की खरीद शुरू हो गई है। बृहस्पतिवार को अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) दिनेश कुमार की उपस्थिति में जंगीपुर मंडी समिति स्थित विपणन शाखा केंद्र पर खरीद कार्य का शुभारंभ किया गया। चार केंद्रों पर 140 क्विंटल की खरीद की गई है।
जिला खाद्य विपणन अधिकारी अनुराग पांडेय ने बताया कि विपणन शाखा केंद्र सैदपुर, मलिकपुरा और यूसुफपुर मंडी में भी धान की खरीद शुरू हो गई है। इसमें सैदपुर में 43, मलिकपुरा में 37 और यूसुफपुर स्थित केंद्र पर 45 क्विंटल की खरीद की गई। जंगीपुर मंडी समिति स्थित विपणन शाखा धान खरीद केंद्र पर सहादतपुरा निवासी किसान परमानंद का 15 क्विंटल धान खरीदा गया।
इस मौके पर क्षेत्रीय विपणन अधिकारी हेमंत सिंह, रामगोपाल यादव, ऋषि सिंह आदि उपस्थित थे। मंडी समिति परिसर में विपणन शाखा के 2, मंडी समिति के 2 एवं भारतीय खाद्य निगम का 1 सहित कुल 5 धान क्रय केंद्र संचालित हैं। सभी केंद्रों पर खरीद से संबंधित आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी हैं।
जिला खाद्य विपणन अधिकारी (डीएफएमओ) ने बताया कि गत वर्ष केंद्र पर धान-गेहूं बिक्री करने वाले किसानों से संपर्क कर पंजीयन के लिए उन्हें प्रोत्साहित करते हुए तेजी से पंजीयन कराएं। किसी भी केंद्र से किसानोें को अनावश्यक वापस नहीं किया जाएगा।
किसान खाद्य विभाग के पोर्टल पर शीघ्र अपना पंजीकरण करा लें, जिससे समय से उनका पंजीयन सत्यापित एवं केंद्रों पर उनकी उपज की खरीद सुगमतापूर्वक हो सके।