नंदगंज। नंदगंज बाजार स्थित चोचकपुर तिराहे पर रविवार को दिनदहाड़े दुकान पर कपड़ा खरीद रहे हर्ष उर्फ गंगा किन्नर (25) की हत्या के मामले में तीसरे दिन स्थिति सामान्य हुई। मंगलवार को बाजार में सभी दुकानें खुली और खरीदार भी दिखे। वहीं, सुरक्षा के मद्देनजर जगह-जगह पीएसी तैनात रही।
पोस्टमार्टम के बाद मृत गंगा किन्नर का शव सोमवार की देर शाम घर लाया गया और इसके बाद अंतिम संस्कार किया गया। उधर, दिनदहाड़े सरेआम वारदात को अंजाम देने वाले हत्यारोपी अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। हालांकि पुलिस कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर घटना के संबंध में पूछताछ कर रही है। मामले के खुलासा के लिए पुलिस की तीन टीमें लगी हुई है। थानाध्यक्ष कमलेश कुमार ने बताया कि बदमाशों को पकड़ने के लिए तीन टीमें लगी हुई है। आरोपियों को पकड़ने के लिए जगह-जगह दबिश दे रही है। जल्द ही आरोपी पकड़े जाएंगे।