सुहवल (गाजीपुर)। ओवरलोड वाहनों पर रोक के लिए पुल के दोनों तरफ लगाया गया लोहे का हाइटगेज बैरियर बेमतलब साबित हो रहा है। तमाम कवायदों के बाद भी हमीद सेतु से ओवरलोड वाहनों का संचालन पुलिस की मिलीभगत से जारी है। लाल बालू की तस्करी में लिप्त लोगों के द्वारा स्थानीय थाना क्षेत्र के विभिन्न जगहों पर अवैध तरीके से बालू डंप कर उसे ट्रैक्टर-ट्रॉली और डीसीएम के जरिए पुल से पार कराया जा रहा है। यही नहीं अन्य सामान भी निर्धारित भार क्षमता से अधिक वाहनों पर लादकर पुल पार कराया जा रहा है।
लोगों की परेशानियों को देखते हुए पिछले दिनों जिलाधिकारी ने कृषि कार्यों में लगे किसानों के ट्रैक्टरों एवं एक्सप्रेस-वे के निर्माण में लगी कंपनी के कुछ बालू लदे ट्रैक्टरों को ही पुल से गुजरने की अनुमति एनएचएआई की रिपोर्ट पर कुछ दिन पूर्व दी थी। जबकि छूट की आड़ में लगातार खेल जारी है।
ग्रामीणों एवं क्षेत्र के लोगों ने आरोप लगाया कि पुलिस की मिलीभगत से यह खेल बदस्तूर जारी है। इसको लेकर सामान लदे वाहनों के रेट भी निर्धारित हैं। जेब गर्म करने पर उन्हें पुल से गुजरने की हरी झंडी पुलिस और उनके सहयोगी के रूप में कुछ दलालों द्वारा दी जाती है। वाहनों की गिनती भी इन्हीं के द्वारा की जाती। इनकी यह भी जिम्मेदारी होती है कि आला अधिकारियों की लोकेशन को अपने लोगों के जरिए पता करते रहते हैं। बीच-बीच में कभी-कभार यह खेल बंद भी कर दिया जाता है, जिससे अधिकारियों तक यह बात न पहुंचे। पुल से ट्रैक्टर, बोगा, डीसीएम, पिकअप आदि से निर्धारित क्षमता से अधिक बालू, सीमेंट, ईंट, धान सहित अन्य सामान लदे वाहन दिन-रात गुजर रहे हैं। लोगों ने कहा कि अगर यही हालत रही तो सेतु क्षतिग्रस्त होने की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता है।
इस मामले में सदर एसडीएम अनिरुद्ध प्रताप सिंह ने कहा कि ओवरलोड वाहनों को किसी सूरत में पुल से नहीं गुजरने दिया जाएगा। यह शिकायत मिली है कि पुल से अनाधिकृत ओवरलोड वाहनों का आवागमन जारी है। इसके लिए संबंधित थाना प्रभारियों एवं सीओ को निर्देशित किया गया है। पुल से एक्सप्रेस-वे के निर्माण सामग्रियों के लिए अधिग्रहीत ट्रैक्टर एवं वाहन ही गुजर सकते हैं।