गाजीपुर। अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) दिनेश कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार की शाम रायफल क्लब सभागार में जिला स्तरीय समिति की बैठक आयोजित हुई। इसमें खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा अब तक किए गए निरीक्षण, कार्यवाही और कार्ययोजना की समीक्षा की गई। बैठक में बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में एक अप्रैल से 31 अगस्त तक खाद्य सुरक्षा विभाग ने 303 छापा मारा और 1153 निरीक्षण किए। इस दौरान 312 नमूने जांच के लिए लिए गए। इनमें से 108 अपमिश्रित पाए गए। विभाग ने 91 मामले अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) की अदालत और 14 मामले अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय में दर्ज कराए। इनमें से 22 मामलों में कुल 6.52 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।
औषधि अनुभाग ने इस अवधि में 3 छापेमारी और 85 निरीक्षण किए। कुल 71 नमूने जांच के लिए लिए गए, जिनमें 2 नमूने अधोमानक पाए गए। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में 2 परिवाद दर्ज हुए। निरीक्षण में कमियां पाए जाने पर 25 औषधि लाइसेंस निलंबित और एक लाइसेंस निरस्त किया गया।अपर जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि जिले के सभी मेडिकल स्टोर बिना बिल-बाउचर, कैश मेमो या इनवॉइस के दवाओं का क्रय-विक्रय न करें। औषधि निरीक्षकों को सभी जनऔषधि केंद्रों का निरीक्षण करने और नकली व अधोमानक दवाओं की बिक्री पर रोक लगाने के लिए सख्त प्रवर्तन कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। खाद्य सुरक्षा विभाग को निर्देशित किया गया कि जिले में मिलावटी और स्वास्थ्य के लिए हानिकारक खाद्य पदार्थों के निर्माण, भंडारण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए विशेष टीम बनाकर कार्रवाई करें। मिड-डे मील, कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में परोसे जाने वाले भोजन की नियमित जांच सुनिश्चित की जाए। इसके अलावा, सभी कोटेदारों और खाद्य प्रतिष्ठानों का पंजीकरण कराना अनिवार्य होगा।अधिकारियों को जिले के छोटे रेस्टोरेंट, ठेलों और नाश्ते के दुकानों की स्वच्छता व हाइजीन की सतत निगरानी करने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही रीयूज्ड कुकिंग ऑयल के खतरों के बारे में व्यापारियों और आम जनता को जागरूक करने पर बल दिया गया।बैठक में सीओ सदर, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी, जिला आबकारी अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा उद्योग व्यापार मंडल, केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के प्रतिनिधि और खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के अधिकारी भी शामिल हुए।