भरवलीया गांव स्थित एक निजी विद्यालय में जांच करते सैदपुर बीईओ यूसी राय । संवाद
जमानिया। बिना मान्यता और निर्धारित मानकों की अनदेखी कर संचालित निजी विद्यालयों पर बेसिक शिक्षा विभाग ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। बृहस्पतिवार को पांच निजी विद्यालयों में औचक जांच की गई। निरीक्षण के दौरान मान्यता और संचालन से जुड़े जरूरी दस्तावेज नहीं मिले। मानकों के मुताबिक न तो कमरों समेत बुनियादी सुविधाएं मिलीं न योग्य शिक्षक। विभाग ने विद्यालय संचालकों को दो दिन का अल्टीमेटम देते हुए वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने और मानकों को पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
सैदपुर के खंड शिक्षा अधिकारी यूसी राय ने बृहस्पतिवार को विशेष जांच अधिकारी के रूप में पांच विद्यालयों का निरीक्षण किया। इस दौरान विद्यालय संचालकों से मान्यता और संचालन से संबंधित वैध प्रपत्र मांगे गए, लेकिन वे दस्तावेज नहीं दिखा सके। इसमें विद्यालयों के भवन और कमरों के आकार समेत अन्य बुनियादी सुविधाओं में भी निर्धारित मानकों के विपरीत स्थिति मिली। प्रशिक्षित शिक्षकों की उपलब्धता को लेकर भी कमियां सामने आईं। इस पर बीईओ ने नाराजगी जताते हुए संचालकों को दो दिन के भीतर सभी वैध कागजात कार्यालय में जमा करने और कमियां दूर करने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि निर्धारित समय सीमा में मानक पूरे नहीं किए गए और दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए तो संबंधित संचालकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी। साथ ही विद्यालयों को तत्काल प्रभाव से सील कर बंद कराया जाएगा। विभाग की इस कार्रवाई से निजी विद्यालय संचालकों में हड़कंप मचा हुआ है।