मुहम्मदाबादके बच्छलकापुरा गंगा घाट से पटना की तरफ जाता लाल बहादुर शास्त्री मालवाहक जहाज।
- फोटो : GHAZIPUR
मुहम्मदाबाद। वाराणसी से माल लेकर कोलकाता जा रहा मालवाहक जहाज शनिवार को बच्छलकापुरा गंगा तट पर दो घंटे तक रुका रहा। पुल को खोलकर उसे पार कराया गया तब तक पीपा पुल पर आवागमन बंद रहा।
पिछले रविवार को पटना की तरफ से खाली लालबहादुर शास्त्री कार्गो मालवाहक जहाज वाराणसी गया था। इसमें माल लोड होने के बाद वहां से पायलट अखिलेश कुमार माल लेकर वाराणसी से वाया पटना होकर कोलकाता जा रहे थे। मुहम्मदाबाद क्षेत्र के बच्छलकापुरा गंगा तट पर जहाज सुबह 11 बजे पहुंच कर दो घंटे तक पीपापुल के पास खड़ा रहा। लगभग सौ फीट तक छह पीपा को खोलकर रास्ता बनाकर लालबहादुर शास्त्री कार्गो मालवाहक जहाज को पार कराया गया। मालवाहक जहाज के आने के कारण पीपापुल पर दिन में 11 बजे से एक बजे तक आवागमन ठप रहा। पीपापुल के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई थी। तेज धूप के कारण वाहन चालक परेशान रहे। लोगों का कहना है कि पहले कटान के चलते आए दिन पुल बंद हो जाता था। अब बांस का बंडाल बनाकर कर गंगा की धारा को बीच की तरफ मोड़ कर काफी हद तक कटान की समस्या से निजात मिली तो गई मगर अब आए दिन कभी मालवाहक तो कभी पर्यटक और सर्वे जहाज के आने के कारण पुल को खोलना पड़ता है। तब तक पुल पर आवागमन बंद रहता है जिससे लोगों को परेशानी उठानी पड़ती है। लोगों ने कहा कि मालवाहक जहाजों को रात में पुल खोल कर पार कराया जाए ताकि पुल के खुलने से लोगों को आने-जाने मे असुविधा न हो।