जन समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए आयोजित तहसील दिवस में सातो तहसीलों में 440 आवेदन प्राप्त हुए। जिसमें 32 आवेदन पत्रों का मौके पर निस्तारण किया गया। जखनिया में मुख्य विकास अधिकारी चंद्रविजय सिंह की अध्यक्षता में मुख्य तहसील दिवस आयोजित हुआ। इसमें 165 आवेदन पत्रों में मौके पर 15 का निस्तारण किया गया।
मुख्य विकास अधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि जितने भी आवेदन-शिकायत पत्र आते हैं उसे गंभीरता से लेते हुए समय से निस्तारण किया जाए। इसमें किसी भी प्रकार की हीला-हवाली क्षम्य नहीं होगी। कार्य में लापरवाही करने वाले अधिकारी-कर्मचारी पर कार्यवाही की जाएगी। भूमि संबंधी विवाद को लेखपाल एवं पुलिस बल के साथ मौके पर जाकर निष्पक्ष कार्यवाही का निर्देश दिया। सदर तहसील में उपजिलाधिकारी की अध्यक्षता में 56 आवेदन पत्रों में 5 का मौके पर निस्तारण किया गया।
सैदपुर संवाददाता के अनुसार अपर आयुक्त वाराणसी-उपजिलाधिकारी की अध्यक्षता में तहसील दिवस में 78 आवेदन पत्रों में मौके पर कोई निस्तारण नहीं किया गया। जमानिया संवाददाता के अनुसार तहसील में उपजिलाधिकारी की अध्यक्षता में 23 आवेदन पत्र प्राप्त हुए जिसमें से 1 का मौके पर निस्तारण किया गया। मुहम्मदाबाद संवाददाता के अनुसार तहसील में उपजिलाधिकारी की अध्यक्षता में 74 आवेदन पत्रों में कोई निस्तारण नहीं किया गया। कासिमाबाद संवाददाता के अनुसार तहसील में उपजिलाधिकारी की अध्यक्षता में 33 आवेदन पत्रों में 10 का निस्तारण किया गया। सेवराई संवाददाता के अनुसार तहसील में तहसीलदार की अध्यक्षता में 11 आवेदन पत्रों में 1 आवेदन पत्र का निस्तारण किया गया।