गाजीपुर। महिला जनसुनवाई का आयोजन बुधवार को लोक निर्माण विभाग के गेस्ट हाउस में किया गया। राज्य महिला आयोग की सदस्य सुनीता श्रीवास्तव की ओर से जनसुनवाई में महिलाओं की फरियाद सुनी गई। जनसुनवाई में केवल नौ प्रकरण आए। राज्य महिला आयोग की सदस्य सुनीता श्रीवास्तव ने कहा कि प्रदेश सरकार की मंशा के अनुसार महिला आयोग पूरी तरह से महिलाओं की सुरक्षा, संरक्षा एवं अन्य किसी भी प्रकार के उत्पीड़न से न्याय दिलाने के प्रति संवेदनशील है। आयोग में सुनवाई के दौरान महिलाओं की समस्याओं का विश्लेषण कर अन्य संबंधित अधिकारियों के सहयोग से उचित कार्यवाही कर उसका समाधान करना उनकी व्यक्तिगत जिम्मेदारी है। सुनवाई के दौरान सदस्य महिला आयोग के समक्ष महिला उत्पीड़न से संबंधित कई प्रकरण आए। इस पर उन्होंने अधिकारियों को मामले की जांच करवाकर नियमानुसार कार्यवाही करते हुए न्याय दिलाने के लिए निर्देशित किया। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक नगर राकेश मिश्रा, क्षेत्राधिकारी सदर शेखर सेंगर, महिला थाना प्रभारी नीतू मिश्रा, जिला प्रोबेशन अधिकारी संजय कुमार सोनी आदि मौजूद रहे।
आंगनबाड़ी केंद्र का किया निरीक्षण-गाजीपुर। जनसुनवाई के बाद राज्य महिला आयोग की सदस्य सुनीता श्रीवास्तव ने सदर विकास खंड के मीरनपुर सक्का स्थित आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। दो गर्भवती महिलाओं की गोद भराई व एक बच्चे का अन्नप्रासन कराया गया। गर्भवती महिलाओं को फल की टोकरी देकर उनकी गोदभराई की गई।