अब ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने के लिए बबुआ को ऑनलाइन परीक्षा देना पड़ेगा। इससे परिवहन विभाग में लाइसेंस बनाने के नाम पर चल रहे लूट-खसोट पर नकेल लगेगी। इस दिशा में केंद्र सरकार ने कवायद शुरू कर दी है। बीते 19 अगस्त से सहायक संभागीय परिवहन विभाग में यह योजना शुरू कर दी गई है। इसके लागू होने से लाइसेंस बनाने वाले दलालों पर रोक लगने के साथ ही लाइसेंस बनवाने वालों की संख्या में धीरे-धीरे कमी आने लगेगी।
फर्जी लाइसेंस पर अंकुश लगाने के लिए केंद्र सरकार ने ड्राइविंग लाइसेंस जारी करने से पहले ऑनलाइन परीक्षा में पास होना अनिवार्य कर दिया है। ऑनलाइन परीक्षा में लाइसेंस बनवाने वालों को सांकेतिक प्रश्नों का सही जबाब देना होगा। ऑनलाइन परीक्षा में कंप्यूटर पर प्रदर्शित प्रश्नों के उत्तर के लिए परीक्षार्थी को मात्र 25 सेकेंड का समय मिलेगा। पूरे प्रश्न पत्रों पर परीक्षार्थियों को हल करने के लिए 15 प्रश्न दिए जाएंगे। इनमें से कम से कम नौ प्रश्नों का उत्तर देना अनिवार्य है।
अगर परीक्षार्थी परीक्षा में पास नहीं कर पाता है, तो उसे दूसरी बार भी अगले दिन बैठने का मौका मिलगा। दूसरी बार भी अगर परीक्षार्थी ऑन लाइन पूछे गए प्रश्नों का सही जबाब नहीं देता है, तो ऐसे परीक्षार्थियों को लंबे समय का इंतजार करना पड़ेगा। इस संबंध में एआरटीओ सीपी सिंह ने बताया कि परीक्षार्थियों को ऑनलाइन परीक्षा देने से पहले विभाग परिसर में बने यातायात के 48 सांकेतिक चिन्हों को याद करने का निर्देश दिया गया है। सांकेतिक चिन्हों को यादकर के ही परीक्षार्थी लाइसेंस बनवाने के लिए ऑनलाइन परीक्षा में सम्मलित हो।