गाजीपुर। राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में स्नातक प्रथम वर्ष बीए, बीएससी (बायो) प्रथम सेमेस्टर में नव प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन 5 मई से प्रारंभ हो रहा है। प्राचार्य प्रो. अनीता कुमारी ने बताया कि इंटरमीडिएट उत्तीर्ण अर्ह छात्राएं महाविद्यालय की वेबसाइट पर जाकर अपना प्रवेश आवेदन 5 जून तक कर सकती हैं। इसी प्रकार महाविद्यालय में एमए एवं एमएससी (बॉटनी) कक्षाओं के लिए भी ऑनलाइन आवेदन प्रारंभ हो गया है, जिसमें बीए, बीएससी उत्तीर्ण छात्राएं अपने प्रवेश के लिए आवेदन कर सकती हैं। उन्होंने बताया कि महाविद्यालय में स्नातक-परास्नातक में प्रवेश मेरिट के आधार पर किया जाएगा। विषय आवंटन राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत पूर्वांचल विश्वविद्यालय के निर्देशानुसार प्रवेश काउंसलिंग के समय किया जाएगा। यहां पर चार संकायों विज्ञान, मानविकी, भाषा एवं ललित कला के अंतर्गत कुल 22 विषयों में स्नातक एवं 7 विषयों गृह विज्ञान, अर्थशास्त्र, राजनीति विज्ञान, हिंदी, अंग्रेजी, शिक्षा शास्त्र, प्राचीन इतिहास में एमए अध्ययन की सुविधा उपलब्ध है।
विज्ञान संकाय के अंतर्गत एमएससी बॉटनी में 20 सीटों पर अध्ययन की सुविधा उपलब्ध है जबकि बीए के अंतर्गत कुल 827 सीटें एवं बीएससी के अंतर्गत 130 सीटें प्रवेश के लिए उपलब्ध हैं। परास्नातक स्तर पर शिक्षा शास्त्र में 40 एवं एमए के अन्य सभी विषयों में 60-60 सीटें प्रवेश के लिए उपलब्ध हैं। महाविद्यालय के प्रवेश प्रभारी डॉ. शिवकुमार ने बताया कि स्नातक प्रवेश के लिए काउंसलिंग के संबंध में सूचना जून माह के अंतिम सप्ताह में दी जाएगी। छात्राएं अपनी मेरिट सूची के अनुसार निर्धारित काउंसलिंग तिथि को अपने ऑनलाइन प्रवेश आवेदन की मूल प्रति तथा हाईस्कूल-इंटरमीडिएट के अंक पत्र, जाति प्रमाण पत्र, भारांक प्रमाण पत्र, चरित्र प्रमाण पत्र, स्थानांतरण प्रमाण पत्र के साथ काउंसलिंग के लिए तैयार रहें।