सुहवल के मेदिनीपुर के पास सड़क हादसे में युवक की मौत को बाद बिलखती मां।
- फोटो : ghazipur
सुहवल। थाना थाना क्षेत्र के मेदिनीपुर तिराहा के पास शनिवार की देर रात खड़े ट्रैक्टर-ट्राली में टकराकर एक बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने चालक सहित ट्रैक्टर-ट्राली और शव को कब्जे में ले लिया। इस मामले में मृतक की मां ने चालक के खिलाफ तहरीर दी।
मालूम हो कि सदर कोतवाली क्षेत्र के मिट्ठनपारा गांव निवासी स्व. झारखंडेय यादव का पुत्र योगेंद्र यादव (28) सुहवल गांव में रहने वाली मौसी के घर बाइक से गया था। रात में वह वहां से घर लौट रहा था। इसी दौरान करीब 11 बजे ताड़ीघाट-बारा मार्ग पर मेदिनीपुर तिराहा से कुछ पहले हाईवे किनारे बालू लदे खड़े ट्रैक्टर-ट्राली में पीछे से बाइक की जोरदार टक्कर हो गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद चालक घटनास्थल से कुछ दूरी पर झाड़ी में छिप गया। जानकारी होते ही मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। लोगों ने दुर्घटना की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल से पूछने के बाद इसकी जानकारी उसके परिजनों को दी और उसे जिला अस्पताल भेजवाया। कुछ ही देर बाद परिवार के लोग भी अस्पताल पहुंच गए। उपचार के दौरान घायल की मौत हो गई। पुलिस ने घटनास्थल के पास झाड़ी में छिपे चालक को गिरफ्तार कर लिया और उसे ट्रैक्टर-ट्राली सहित थाना ले आई। इस संबंध में पुलिस ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतक की मां कमला देवी की तहरीर पर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
ईश्वर को कुछ और ही था मंजूर
सुहवल। योगेंद्र की मौत की खबर पहुंचते ही घर में कोहराम मच गया। परिवार के लोग चीख-पुकार करने लगे। मां कमला देवी बिलखते हुए बार-बार यह कह रही था कि मैने योगेंद्र को कई बार मना किया वह आज मौसी के घर न जाए, फिर भी वह यह कहकर घर से निकल गया कि समय से लौट आएगा। वह तो नहीं आया, लेकिन उसकी मौत की मनहूस खबर आ गई। पत्नी सोनम के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे थे। कभी वह बिलखते हुए पूरी तरह से शांत हो जा रही थी तो कभी अपने पांच वर्षीय पुत्र सत्या एवं दो वर्षीय पुत्री शिवांगी का चेहरा देख दहाड़े मारकर चीखने-चिल्लाने लग रही थी। मौजूद लोग उसे सांत्वना देते हुए बार-बार यह कहते रहे कि ऊपर वाले की मर्जी के आगे किसी की नहीं चलती। शायद ईश्वर को यही मंजूर हो।