जिला कारागार गेट से शनिवार की देर शाम पुलिस अभिरक्षा से चोरी का आरोपी लाल बाबू मौर्या फरार हो गया। आठ जनवरी की रात पृथ्वीपुर गांव के पास से ग्रामीणों ने दो चोरों को पकड़ा था।
इसके बाद मरदह पुलिस को सुपुर्द कर दिया। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की बाइक, आभूषण और रिवाल्वर बरामद हुआ था। इधर, एसपी ने पुलिस कर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और फरार आरोपी को गिरफ्तार करने का निर्देश दिया है।
एसपी डाॅ. ईरज राजा ने बताया कि पुलिस ने कासिमाबाद कोतवाली के बंकाखास निवासी लाल बाबू मौर्या और भांवरकोल थाना के शेरपुर कला गांव निवासी पुनीत राय को चोरी की आरोप में गिरफ्तार किया था। कासिमाबाद और मरदह पुलिस ने पूछताछ के बाद आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की तीन बाइक, दो मोबाइल फोन, एक पर्स में आभूषण और रिवाल्वर बरामद किया गया। शनिवार को देर शाम पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया। अदालत ने दोनों आरोपियों को जेल भेजने का आदेश दिया।
पुलिस टीम आरोपियों को कोर्ट से लेकर जिला कारागार पहुंची। एसपी ने बताया कि जेल के गेट के पास से आरोपी लाल बाबू मौर्या पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया। फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश की जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि दोषी पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।